Wednesday, 20 May 2015

हार के लिए अंपायर के फैसले को जिम्‍मेदार बताया तो धोनी पर लगा जुर्माना

मुंबई. आईपीएल-8 के पहले क्वालीफायर के बाद मैच प्रेजेंटेशन के दौरान अंपायर के फैसले पर सवाल उठाना चेन्नई सुपरकिंग्स(सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को महंगा पड़ गया। उन पर मैच फी का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया है।
मैच प्रेजेंटेशन के दौरान धोनी ने हार के कारण बताते हुए कहा था कि ओपनर ड्वेन स्मिथ अंपायर के खराब फैसले के शिकार हो गए। खुले तौर पर अंपायर के फैसले पर सवाल उठाने के कारण मैच रेफरी ने उन्हें आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.1.7 के तहत दोषी माना।
मलिंगा की गेंद पर स्मिथ को दिया गया था LBW आउट
मंगलवार को टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए मुंबई इंडियन्स ने निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। जवाब में चेन्नई का पहला विकेट शून्य पर पारी की चौथी गेंद पर ही गिर गया। लसिथ मलिंगा की गेंद पर अंपायर ने ड्वेन स्मिथ को LBW आउट करार दे दिया, जबकि रीप्ले में गेंद लेग स्टंप से बाहर जाती दिख रही थी। धोनी ने इसी डिसीजन पर टिप्पणी की, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। बता दें कि मुंबई ने चेन्नई को 25 रन से हराकर आईपीएल 8 के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
धोनी का विकेट बना मैच का टर्निंग प्वाइंट
चेन्नई का तीसरा विकेट सुरेश रैना के रूप में 86 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर आए। पहली गेंद पर ही वे हरभजन सिंह का शिकार बन गए। वहीं, से पूरा मैच पलट गया। मैच के बाद हरभजन सिंह ने भी इसे टर्निंग प्वाइंट बताया। भज्जी ने कहा, "जीत के लिए धोनी की विकेट बहुत जरूरी थी। वहीं, से मैच हमारे कब्जे में आ गया।"
चेन्नई के पास है एक और मौका
चेन्नई भले ही यह मैच हार गई हो, लेकिन फाइनल में पहुंचने के लिए उसके पास अभी एक और मौका है। आईपीएल फॉर्मेट के अनुसार चेन्नई को शुक्रवार को रांची में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले मैच की विजेता टीम से भिड़ना है। यह मैच अगर धोनी की टीम जीतती है तो वह फाइनल में पहुंच जाएगी।


No comments:

Post a Comment